Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में ओयो होटल में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने की है।
पुलिस के अनुसार, 10 अप्रैल की रात को सूर्य विहार पार्ट-2 निवासी सचिन की मथुरा रोड स्थित रेड लायन ओयो होटल में तीन युवकों ने झगड़े के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के पिता मोहन सिंह की शिकायत पर थाना सराय ख्वाजा में केस दर्ज किया गया था और जांच क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंपी गई थी।
पुलिस ने पहले ही आरोपी सन्नी को गिरफ्तार कर लिया था और उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। अब 12 अप्रैल को पुलिस ने ब्यास (22) उर्फ रणजीत उर्फ सोनू, जो मूल रूप से बिहार के छपरा जिले का रहने वाला है और फिलहाल एत्मादपुर में रह रहा था, को भी गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि 9/10 अप्रैल की रात ब्यास एक महिला से मिलने के लिए होटल गया था, लेकिन होटल स्टाफ ने उसे वहां से वापस भेज दिया। इसके बाद उसने अपने दोस्तों सन्नी और इंद्र को बुलाया और सभी दो मोटरसाइकिलों पर होटल पहुंचे। वहां उनका सचिन से विवाद हो गया, जो झगड़े में बदल गया। इसी दौरान सन्नी ने सचिन के पेट में चाकू मार दिया।
पुलिस ने आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।

