May 19, 2024

बेटे के प्रेम विवाह से नाराज चल रही मां ने गर्भवती बहू को कुल्हाड़ी से काटा

Jharkhand/Alive News : झारखंड के जमशेदपुर से दिल को दहलाने वाला मामला सामने आया है। इस इलाके में बेटे के प्रेम विवाह से नाराज चल रही मां ने गर्भवती बहू को कुल्हाड़ी से काट डाला। इससे उसकी मौत हो गई। दरअसल बेटे ने रिश्ते में मौसेरी बहन से ही प्रेम विवाह कर लिया था, जिससे मां नाराज चल रही थी। एक दिन आपसी झगड़े के बाद महिला ने गर्भवती बहू पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। 

मिली जानकारी के मुताबिक चौका थाना क्षेत्र के जांता पहाड़धार गांव में गीता लायक के बेटे दीनबंधु ने परिवार के तमाम विरोध के बावजूद अपनी मौसेरी बहन से शादी कर ली थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। बेटे की इस हरकत से मां गीता काफी दिनों से नाराज भी चल रही थी। 

बीते रविवार को दीनबंधु घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान गीता लायक व उसकी बहू के बीच कोई विवाद हो गया। इसमें गीता लायक ने अपना आपा खो दिया और बहू पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। आनन- फानन में परिवारजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दीनबंधु की पत्नी गर्भवती भी थी। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक आरोपी गीता लायक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।