Faridabad/Alive News : 39वें अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड शिल्प मेले का अंतर्राष्ट्रीय पवेलियन इन दिनों विश्व की विविध संस्कृतियों के संगम का सजीव उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। पवेलियन में पश्चिम अफ्रीकी देश घाना के प्राचीन मास्क पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं।
घाना की स्टॉल पर अफ्रीकी जनजातीय कला की अनूठी और जीवंत झलक देखने को मिल रही है। स्टॉल नंबर एफसी-31 पर पारंपरिक मास्क, हैंडमेड एंटिक्स और लकड़ी की कलात्मक मूर्तियां प्रदर्शित की गई हैं, जिन्हें देखने और खरीदने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं।
घाना की शिल्पकार एनीस ओबुओबी ने बताया कि ये विशिष्ट मास्क अवेनी ट्री की लकड़ी से तैयार किए गए हैं। इन मास्कों के माध्यम से घाना की प्राचीन और पारंपरिक कला शैली को सजीव रूप में दर्शाया गया है। पर्यटक इन दुर्लभ मुखौटों और एंटिक्स के साथ फोटो खिंचवाने के साथ-साथ इनके इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को जानने में भी गहरी रुचि दिखा रहे हैं।

