Faridabad/Alive News: सूरजकुंड अरावली क्षेत्र में नगर निगम और वन विभाग द्वारा की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। अनंगपुर गांव में हुई कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और जाम लगा दिया। इस दौरान बड़खल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ की निंदा करते हुए ग्रामीणों का समर्थन किया।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने कहा कि विजय प्रताप की सक्रियता के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी बयान जारी कर अनंगपुर के लोगों को आश्वासन दिया कि उनके आशियानों को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। गौड़ ने केंद्रीय मंत्री के इस बयान की सराहना की, लेकिन साथ ही सवाल भी उठाए कि क्या केवल अनंगपुर के लोगों ने उन्हें वोट दिया था?
उन्होंने कहा कि पूरे फरीदाबाद में तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी है, लेकिन मंत्री केवल अनंगपुर को लेकर सक्रिय दिखे। गौड़ ने नेहरू कॉलोनी का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां हाल ही में करीब 8,000 मकानों को तोड़ने के नोटिस चस्पा किए गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। बावजूद इसके केंद्रीय मंत्री ने वहां के लोगों के लिए कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
सुमित गौड़ ने सरकार पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल उन क्षेत्रों में तोड़फोड़ की जा रही है, जहां कांग्रेस का मजबूत जनाधार है। उन्होंने कहा कि नेहरू कॉलोनी के निवासी पिछले कई वर्षों से वहां रह रहे हैं और उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली मीटर और वोटर आईडी हैं। इसके बावजूद सरकार उनके घरों को उजाड़ने पर तुली हुई है, जो कि पूरी तरह से असंवैधानिक है।
गौड़ ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी और पीड़ित लोगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

