Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में थाना छांयसा पुलिस ने कच्ची शराब बनाने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गांव दुल्हेपुर में यमुना नदी के किनारे चल रही अवैध शराब की भठ्ठी पर दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 दिसंबर को थाना छांयसा की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि बिट्टू नामक व्यक्ति यमुना नदी के किनारे अवैध रूप से भट्ठी चलाकर कच्ची शराब तैयार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी बिट्टू, निवासी गांव दुल्हेपुर, को मौके से पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह साल 2022 से कच्ची शराब बना रहा था और गांव में ही इसकी बिक्री करता था। आरोपी के खिलाफ पहले भी ऐसे तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

