March 7, 2026

हिसार में ई-स्कूटी की बैटरी फटी, आग में एक की मौत; पत्नी और दो बच्चे झुलसे

Hisar/Alive News: हरियाणा के हिसार में गुरुवार सुबह एक घर में चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी फटने से भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा हांसी की मुल्तान कॉलोनी में सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक नरेश (40) अपने घर में चार्ज हो रही ई-स्कूटी का प्लग निकाल रहे थे। जैसे ही उन्होंने चार्जिंग हटाई, अचानक बैटरी में जोरदार धमाका हो गया। धमाके के बाद आग तेजी से पूरे घर में फैल गई।

आग की चपेट में आने से नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी 35 वर्षीय पत्नी ज्योति, 12 वर्षीय बेटा साहिल और 15 वर्षीय बेटी वंदना गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही अनाज मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। नरेश के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।

वार्ड पार्षद धर्मवीर मजोका ने बताया कि नरेश ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने बताया कि घर में रखे दो भरे हुए गैस सिलेंडरों में से एक आग की चपेट में आ गया था, लेकिन पड़ोसियों की सूझबूझ से दोनों सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने में मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और बैटरी विस्फोट के कारणों की गहराई से पड़ताल की जाएगी।