Faridabad/Alive News: भूपानी थाना क्षेत्र में मनी ट्रांसफर की दुकान पर कट्टा दिखाकर लूट करने वाले आरोपियों में से एक आरोपी को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता अमन, निवासी गांव टीकावली, मनी ट्रांसफर का काम करता है। उसने बताया कि 11 जुलाई को दोपहर में तीन युवक मेडिकल मास्क पहनकर बाइक से उसकी दुकान पर पहुंचे। एक युवक ने पैसे निकालने के लिए आधार कार्ड दिया, जबकि दो अन्य बगल में खड़े हो गए। तभी एक ने अमन पर कट्टा तान दिया और दूसरे ने दराज से ₹37,200 निकाल लिए। इसके बाद तीनों फरार हो गए। घटना की शिकायत पर थाना भूपानी में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कृष्ण सेक्टर-88 में एक होटल में नौकरी करता है। वारदात के दो दिन पहले आरोपियों के साथियों ने दुकान की रैकी की थी और फिर लूट की योजना बनाई गई। वारदात के समय कृष्ण ने दुकानदार को बातचीत में उलझाया, दूसरा आरोपी कट्टा लेकर सामने आया और तीसरे ने पैसे निकाले।
क्राइम ब्रांच की टीम अब बाकी दो फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपी कृष्ण को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि उससे बाकी आरोपियों के बारे में जानकारी ली जा सके।

