March 7, 2026

हाई अलर्ट के बीच फरीदाबाद में कंबिंग और सर्चिंग अभियान तेज, सुरक्षा बढ़ाने के लिए सख्त आदेश जारी

Faridabad/Alive News: पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में फरीदाबाद पुलिस ने जिले में सुरक्षा बढ़ाने के लिए कंबिंग और सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। हाई अलर्ट को देखते हुए थाना स्तर पर बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है।

14 नवंबर को NIT, बल्लभगढ़ और सेंट्रल जोन के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत टीमों को अलग-अलग जगह भेजकर गहनता से चेकिंग करवाई जा रही है।

धारा 163 BNSS के तहत जिले में लागू सख्त आदेश
जिला मजिस्ट्रेट, फरीदाबाद की ओर से भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जिले में कई सख्त नियम लागू किए गए हैं।

इनके अनुसार—
सभी होटल, गेस्ट हाउस, पीजी, धर्मशालाएं और अस्पताल अपने यहां रुकने वाले हर व्यक्ति का पहचान पत्र अनिवार्य रूप से जांचें और उसका रिकॉर्ड रखें।
साइबर कैफे प्रत्येक आने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पत्र की प्रति सुरक्षित रखें।
मकान मालिक अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन करवाएं।
कार गैराज, मैकेनिक, डेंटिंग-पेंटिंग और पुरानी गाड़ी खरीदने-बेचने वाले डीलर हर वाहन और मालिक की जानकारी रजिस्टर में दर्ज करें और डीलर नजदीकी थाना को विवरण दें।
विदेशियों के ठहरने पर C-Form भरना अनिवार्य है।
STD/PCO बूथ हर कॉल करने वाले व्यक्ति का नाम-पता दर्ज करें।
मोबाइल विक्रेता पुराने मोबाइल और सिम बेचते-खरीदते समय पूरा रिकॉर्ड रखें और खरीदार से शपथ पत्र लें कि मोबाइल या सिम चोरी का नहीं है।

नियमों का उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आदेशों की अवहेलना होने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नियंत्रण पाना है।