April 25, 2024

एक फरवरी को सर्व कर्मचारी संघ करेगा जोरदार प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: सीटू के जिला प्रधान निरंतर पराशर और उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि हड़ताली आंगनवाड़ी वर्करों और सहायिकाओं का उत्पीड़न समाप्त नहीं किया गया तो आगामी एक फरवरी को सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन और सर्व कर्मचारी संघ के हजारों मजदूर कर्मचारी मिलकर सरकार की दमन विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेंगे।

आज हड़ताली कर्मचारियों ने लघु सचिवालय के परिसर में जुलूस निकाला और जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने हड़ताली कर्मचारियों की बर्खास्तगी के आदेश वापस लो हमारी मांगे पूरी करो के नारे लगाए।आज के प्रदर्शन का नेतृत्व जिले की वरिष्ठ उपप्रधान सुरेंद्र री ने किया। जबकि संचालन गीता कर रही थी। वर्करों और सहायिकाओं को संबोधित करते हुए जिला कोषाध्यक्ष सीमा यादव ने सरकार पर आंगनवाड़ी वर्करों और सहायिकाओं की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

आज हड़ताल को 51दिन हो गए हैं। लेकिन सरकार की तरफ से किसी प्रकार की सुनवाई नहीं हो रही है। मांगों को लागू करने के बजाए आगनबाड़ी केंद्रों को खोलने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कल आंगनवाड़ी वर्कर हेल्पर अपनी बस्तियों और कॉलोनियों में सरकार के पुतले जलाएंगे। डंगवाल ने बताया कि 8 दिसंबर से आंगनवाड़ी वर्करों और हेल्पर यूनियन की हड़ताल चल रही है।

सरकार मांगों को लागू करने के बजाए वर्करों पर काम पर वापस लौटने का दबाव बना रही है। इसी मकसद से वर्करों के नोटिस निकाले जा रहे हैं। इतना ही नहीं टर्मिनेशन भी किया जा रहा है। उन पर झूठे मुकदमे दायर किए जा रहे हैं। इसके बावजूद भी वर्करों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने संकल्प ले लिया है। कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होता हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में प्रदेश के सभी मजदूर कर्मचारी मिलकर दमन विरोधी दिवस मनाएंगे।