Faridabad/Alive News: यूजीसी के नए बिल के विरोध में शनिवार को स्वर्ण समाज के विभिन्न संगठनों ब्राह्मण, वैश्य, राजपूत, जाट व पंजाबी समाज ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। समाज के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि यूजीसी का नया प्रावधान समाज में जहर घोलने वाला है और इसके लागू होने से सर्व समाज का ताना-बाना प्रभावित होगा।
जिला फरीदाबाद ब्राह्मण सभा के प्रधान बृजमोहन वत्स ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा बिल पर रोक लगाए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि नया बिल एकतरफा है और इससे कॉलेजों में पढ़ने वाले स्वर्ण समाज के छात्र असुरक्षित महसूस करेंगे। वहीं क्षत्रिय सभा के प्रधान प्रताप भाटी ने बिल को पूरी तरह रद्द करने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही और आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग उठाने की घोषणा की।
वैश्य समाज के प्रधान भगवान दास गोयल ने बिल का विरोध करते हुए स्वर्ण समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करने की बात कही। जाट समाज के प्रतिनिधि जगदीश हुड्डा ने भी आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया। प्रेसवार्ता में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

