March 7, 2026

एम्स ने शुरू की जांच कोविड वैक्सीन और हार्ट अटैक के बीच सीधा लिंक नहीं  

Delhi/Alive News: देश में अचानक हो रही हार्ट अटैक से मौतों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खासकर 18 से 45 साल के युवाओं में इस तरह की घटनाएं बढ़ गई हैं। एम्स ने इस पर दो अहम अध्ययन शुरू किए हैं।

एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि कोविड वैक्सीन और अचानक मौतों के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। हालांकि ये मौतें क्यों हो रही हैं, यह जानने के लिए एम्स का पैथोलॉजी और फॉरेंसिक विभाग अध्ययन कर रहा है। पहले यह बीमारी ज्यादा उम्र वालों को होती थी, लेकिन अब युवा भी इससे प्रभावित हो रहे हैं।

पहले चरण में 100 लोगों की जांच हुई, लेकिन दिल में कोई ऐसी सूजन नहीं मिली जिससे मौत का कारण साबित हो सके। अब 300 और मामलों की जांच होगी, जिसकी रिपोर्ट अगले साल तक आएगी।

दूसरा अध्ययन एम्स का हेमेटोलॉजी विभाग कर रहा है, जिसमें कोविड और वैक्सीन के लंबे असर को देखा जाएगा। अभी मरीजों का डेटा इकट्ठा किया जा रहा है और इसकी रिपोर्ट भी अगले साल तक आने की उम्मीद है।

पीछलेे अध्ययन में क्या कहा था  पिछले साल अक्टूबर में आईसीएमआर और एम्स के डॉक्टरों द्वारा किए गए एक बड़े अध्ययन में कहा गया था कि कोविड वैक्सीन में युवाओं में अचानक मौत का खतरा नहीं बढ़ता, बल्कि पहले कोविड अस्पताल में भर्ती होना, परिवार में अचानक मौत का इतिहास और कुछ गलत जीवनशैली की आदतें इसके मुख्य कारण हैें।