May 6, 2024

कहासुनी के बाद लड़की ने शादी से किया इंकार, बैरंग लौटी बारात

Chandigarh/Alive News : महेंद्रगढ़ जिले में रात के समय झज्जर जिले से आई बरात को उस समय बैरंग लौटना पड़ा। जब दोनों परिवारों के बीच जोरदार कहासुनी शुरू हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक पहुंच गई। जिसके बाद लड़की पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार झज्जर जिले से आने वाली बरात को शाम चार बजे पहुंचने का समय दिया गया था। लेकिन बरात रात करीब 11 बजे पहुंची। लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि बराती नशे में देर रात तक डीजे बजाते रहे। दूल्हा भी नशे में धुत था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हो गई और विवाद के बाद लड़की ने शादी से इंकार कर दिया। इस पर दूल्हे पक्ष के लोग बरात सहित लौट गए।

जिले में दो लड़कियों की शादी थी। एक बरात को चार बजे तथा दूसरी को छह बजे पहुंचने का समय दिया गया था। एक बरात तय समय पर पहुंचकर शादी संपन्न करा दुल्हन को साथ ले गई। जब दूसरी बरात लड़की पक्ष के घर पहुंची तो उन्होंने कन्या पक्ष के लोगों से कहा कि आपने बहुत लेट कर दिया हम सुबह छह बजे तक फेरे लेंगे।

इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बातों बातों में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच हल्की मारपीट भी हुई। मारपीट होने के बाद परिजनों ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया कि उनका विवाद शांत हो गया है, इसके बाद पुलिस भी वापस गई।