September 4, 2026

श्रद्धा हत्याकांड का आरोपी आफताब पांच दिन की पुलिस रिमांड पर, दोस्त ने जुलाई में जताई थी अनहोनी की आशंका

New Delhi/ Alive News: देश की राजधानी दिल्ली में श्रद्धा हत्याकांड सभी के लिए चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है वैसे-वैसे एक के बाद एक नए खुलासे हो रहे हैं। आरोपी आफताब ने श्रद्धा को बेरहमी से मौत के घाट उतारने के बाद उसके 35 टुकड़े कर उन्हें अलग-अलग जगह पर जंगल में फेंक दिया। महरौली थाने की पुलिस ने करीब छह महीने पहले हुई हत्या के मामले को सुलझाते हुए आफताब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक श्रद्धा के दो महाराष्ट्र के रहने वाले दो दोस्तों ने सनसनीखेज खुलासा किया है।

मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के पालघर में रहने वाले श्रद्धा के दोस्त रजत शुक्ला ने बताया कि वो दोनों 2018 से रिलेशनशिप में थे। शुरुआत में दोनों खुशी-खुशी रहते थे, फिर श्रद्धा ने बताया कि आफताब उसे मारता-पीटता है। वह उसे छोड़ना चाहती थी लेकिन वो ऐसा नहीं कर सकी। बाद में दोनों नौकरी के लिए दिल्ली में शिफ्ट हो गए।

 वहीं श्रद्धा के दूसरे दोस्त लक्ष्मण ने बताया कि वह जुलाई से ही श्रद्धा को लेकर चिंतित था। क्योंकि उसकी तरफ से मुझे मैसेज का कोई जवाब नहीं आ रहा था। उसका फोन भी बंद था। उसके अन्य दोस्तों से उसके बारे में पूछताछ करने के बाद, उसके भाई को सूचित किया और हमने पुलिस से संपर्क किया।

दिल्ली पुलिस ने मुंबई निवासी आफताब अमीन पूनावाला (28) को श्रद्धा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसे मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर शनिवार को पकड़ा गया और उसे पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। श्रद्धा के पिता विकास मदान वाकर (59) ने आठ नवंबर को अपनी बेटी के अपहरण का मामला दिल्ली के महरौली थाने में दर्ज कराया था।

श्रद्धा के पिता ने पुलिस को जानकारी दी कि वह महाराष्ट्र के पालघर में रहते हैं। उनकी 26 साल की बेटी श्रद्धा मुंबई के मलाड में एक कॉल सेंटर में काम करती थी। जहां उसकी आफताब से मुलाकात हुई। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों लिव-इन में रहने लगे। जब दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिजनों को लगी तो उन्होंने विरोध किया। इसके बाद दोनों अचानक मुंबई छोड़ दिल्ली में आकर रहने लगे।