May 19, 2024

जनसुविधाएं देने में प्रशासन व भाजपा सरकार पूरी तरह फेल : विजय प्रताप

Faridabad/Alive News: कांग्रेसी नेता विजय प्रताप सिंह का एन.एच.2 स्थित एच ब्लॉक में लोगों ने उनका फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर वह लोगों की समस्याओं से रूबरू हुए। लोगों ने उनको सीवर जाम, सडक़ों पर पानी, पीने के पानी की कमी, बिजली आदि मूलभूत समस्याओं के बारे में बताया और जमकर प्रशासन एवं भाजपा सरकार के प्रति अपना आक्रोश प्रकट किया।

विजय प्रताप सिंह ने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि विकास के नए आयाम स्थापित करने की बात करने वाले भाजपा नेता एवं मंत्री धरातल पर जनता को पीने के लिए पानी, सडक़ और बिजली भी मुहैया करा रहे है। आज पूरे फरीदाबाद में सीवरेज की समस्या बनी हुई है, नालियों का पानी सड़कों से उठकर अब लोगों के घरों तक में घुस गया है।

इस स्थिति में भाजपा के मंत्री एवं विधायक आठ सालों के विकास कार्य का गुणगान करते है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवन में इतने बुरे हालात कभी नहीं देखे है। शायद, यह मोदी-मनोहर सरकार के विकास कार्यों का फल है, जो शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने एक ताजा घटना का हवाला देते हुए कहा कि एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के डबुआ में नाले में गिरकर एक 11 वर्षीय बच्चे की मौत बेहद दुखद है।

प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के चलते रात-दिन लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, वहीं इस मामले में प्रशासन का रवैया भी निंदनीय रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार व भाजपा नेता लोगों की समस्याओं का समाधान करने की बजाय पुलिस बल का प्रयोग कर लोगों की आवाज दबाना चाहता है। मगर, जब लोगों का दर्द हद से गुजर जाता है, तो उनका आक्रोशित होना लाजिमी है। विजय प्रताप ने कहा कि भाजपा सरकार ने वादा किया था कि लोगों को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराएगी। लेकिन भाजपा सरकार अपना ही वादा पूरा नहीं कर पा रही है।