March 7, 2026

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत एडीसी सतबीर मान ने स्कूल में किया पौधारोपण

Faridabad/Alive News: गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने आज निरीक्षण किया और स्कूल की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान प्राचार्य रविन्द्र कुमार मनचंदा और अध्यापकगण सरिता, निखिल, जितेंद्र गोगिया, राजेश, राहुल रोहिल्ला सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

एडीसी सतबीर मान ने स्कूल की सफाई व्यवस्था, टॉयलेट, पानी की उपलब्धता, कक्षा कक्षों की स्थिति, विद्यार्थियों की संख्या, और स्कूल गेट के पास रेहड़ियों व दुकानदारों के अतिक्रमण से हो रही गंदगी जैसे मुद्दों पर जानकारी ली। स्कूल में सफाई कर्मी और अध्यापकों के पद खाली होने तथा कक्षाओं की कमी की समस्याएं भी प्राचार्य ने उनके सामने रखीं।

इस मौके पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत श्री सतबीर मान ने स्कूल परिसर में हार सिंगार का पौधा लगाया। उनके साथ प्राचार्य व सभी अध्यापक भी पौधारोपण में शामिल हुए। एडीसी ने आरओ से संबंधित पानी की समस्या के समाधान के लिए मेंटेनेंस एग्रीमेंट कराने की सलाह दी और अन्य समस्याओं को जल्द हल करने का आश्वासन दिया।

अंत में, प्राचार्य और स्टाफ ने श्री सतबीर मान का स्वागत करते हुए उन्हें एक पौधा भेंट किया।