March 7, 2026

अधिकारों के साथ कर्तव्यों के पालन पर एडीसी ने युवाओं को किया प्रेरित

Faridabad/Alive News : बल्लभगढ़ स्थित श्रीमती सुषमा स्वराज राजकीय कन्या महाविद्यालय में आज बुधवार को संविधान दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन “हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान” थीम पर किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सतबीर मान ने छात्रों, प्राध्यापकों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में संविधान की भूमिका, उसके मूल्य व नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

एडीसी सतबीर मान ने कहा कि भारत का संविधान केवल शासन प्रणाली का ढांचा नहीं, बल्कि देश की प्रगति, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि संविधान एक जीवंत दस्तावेज़ है, जो नागरिकों को उनके अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों और सामाजिक दायित्वों का भी बोध कराता है।

उन्होंने बताया कि संविधान का निर्माण लंबी विचार-विमर्श प्रक्रिया और विविधताओं को ध्यान में रखते हुए किया गया। डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान निर्माताओं के अथक प्रयासों के कारण आज भारत को एक ऐसा संविधान मिला है, जो समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों पर आधारित है।

युवा पीढ़ी को संविधान की मूल भावना से जुड़ने का आह्वान करते हुए मान ने कहा कि देश का भविष्य तभी सशक्त होगा जब युवा अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों को भी गंभीरता से समझेंगे। उन्होंने कहा, संविधान सिर्फ कागज़ का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है।

कार्यक्रम में प्रबल (उद्घोषिका) का सामूहिक वाचन, देशभक्ति गीत, नाटक एवं भाषणों की प्रस्तुतियां हुईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया।इस अवसर पर कॉलेज की प्रधानाचार्य रितिका गुप्ता, प्रो. सपना सचदेवा सहित बड़ी संख्या में छात्राएं और स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।