फरीदाबाद: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने घर से दो मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमन, निवासी कोतवाली, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा कॉलोनी निवासी रवि ने पुलिस चौकी सेक्टर-11 में शिकायत दी थी कि 24 और 25 सितंबर की रात कोई अज्ञात व्यक्ति उनके घर से दो मोबाइल फोन चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में चोरी का मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने आरोपी अमन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बेरोजगार है और अपने शौक पूरे करने के लिए उसने मोबाइल फोन चोरी किए थे।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी का एक मामला दर्ज है।

