March 8, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने वाला खाता ऑपरेटर गिरफ्तार, खाते में आए थे ठगी के 8 लाख रूपये

Faridabad/Alive News: साइबर थाना सैंट्रल की पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी के मामले में खाता ऑपरेटर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 6 दिन के रिमांड पर लिया है।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार ओजोन पार्क अपॉर्टमेंट, सेक्टर 86, निवासी एक व्यक्ति ने दी अपनी शिकायत में बताया कि 1 जुलाई 2024 को उसे व्हाट्सएप पर एक ग्रुप में जोड़ा गया। जहां पर ठगों द्वारा निवेश के लिए टिप्स दिये जाते थे। इसके बाद उसे प्री-मार्केट ट्रेडिंग व अमेरिकी बाजार में निवेश करने के लिए दाइवा सिक्योरिटीज एआई स्मार्ट डीमैट पर खाता खोलने के लिये कहा गया। शिकायतकर्ता ने ठगों के कहने के अनुसार डीमैट अकाउंट ओपन किया और खाता की जॉच के लिए पहले 10,000 रूपये का निवेश किया और उसमें से 1000 रूपये निकाले। जिसके बाद वह आश्वस्त हो गया और उसने कुल 93,51,000 रूपये का निवेश किया। जिसके कुछ समय बाद उसकी बाते ठगों से होनी बंद हो गई। उसे अहसास हुआ की उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान ब्यावर निवासी पुखराज पाडियार (उम्र 42) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी पुखराज पाडियार ने बताया कि वह खाता ऑपरेट करने का काम करता था व फोन पर आए ओटीपी को आगे ठगो के साथ शेयर करता था। पुर्व मे अंकित (खाताधारक) सहित कुल 5 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है। खाते में ठगी के 8 लाख रूपये आये थे।