Faridabad/Alive News: स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर 81,25,000 रुपये की ठगी, आरोपी खाताधारक गिरफ्तार, खाते में ठगी के 20 लाख रुपये आए थे।
सेक्टर-19 के रहने वाले एक व्यक्ति से स्टॉक मार्केट में निवेश के नाम पर 81 लाख 25 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी कि उसके पास व्हाट्सएप पर एक महिला का मैसेज आया, जिसने खुद को लिडिया शर्मा बताया और कहा कि वह “Goldman Sachs” नाम की विदेशी कंपनी के निवेश पोर्टफोलियो से जुड़ी हुई है।
इसके बाद उसे दो व्हाट्सएप ग्रुप “VIP64” और “एलीट एक्सचेंज सेंटर” में जोड़ा गया, जहां स्टॉक मार्केट में निवेश से जुड़े झूठे दावे किए जा रहे थे। आरोपी ने उसे कुछ वेबसाइटों पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए कहा और दावा किया कि निवेश पर 3 गुना रिटर्न मिलेगा। भरोसा दिलाकर आरोपी ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए पीड़ित से कुल 81.25 लाख रुपये ठग लिए।
मामले की जांच के बाद साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के इन्दिरापुरम निवासी (उम्र 65) बिरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बिरेन्द्र सिंह एनटीपीसी से रिटायर हुआ है और बी-टेक पास है। इस मामले में वह खाताधारक है और उसके खाते में ठगी के 20 लाख रुपये आए थे।
अधिक पूछताछ के लिए आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

