Faridabad/Alive News: शहर में मंदिरों और धार्मिक स्थलों को तोड़े जाने के विरोध में समाजसेवी अभिषेक गोस्वामी ने सोमवार को सेक्टर-12 लघु सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम फरीदाबाद को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर महेश हिन्दु, फलाहारी बाबा, कुलजीत सिंह, मनीराम भड़ाना और अधिवक्ता अभिषेक सहित कई लोग मौजूद रहे।
अभिषेक गोस्वामी ने ज्ञापन में बताया कि पिछले कुछ समय से नगर निगम और पुलिस प्रशासन द्वारा फरीदाबाद में मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों को तोड़ा जा रहा है, जो लोगों की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि ये मंदिर वर्षों पहले इसलिए बनाए गए थे क्योंकि तब चौक-चौराहों पर रोशनी की व्यवस्था नहीं थी और आए दिन सड़क हादसे होते थे। स्थानीय लोगों ने हनुमान मंदिरों की स्थापना कर वहां श्रद्धा और सुरक्षा दोनों का माहौल बनाया था।
गोस्वामी ने कहा कि अब प्रशासन द्वारा इन मंदिरों को हटाया जाना धार्मिक भावनाओं का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम अपने कार्यों को छिपाने के लिए ऐसे कदम उठा रहा है, जिससे शहर में असंतोष फैल सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की है कि लोगों की आस्था केंद्र धार्मिक स्थलों, विशेषकर मंदिरों को तोड़ा न जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

