May 12, 2024

मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे आप नेता गिरफ्तार

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चंडीगढ़ में भूख हड़ताल पर बैठे आम आदमी पार्टी के नेता अनुराग ढांडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह परेड ग्राउंड में कार्यकर्ताओं के साथ बैठे हुए थे। पुलिस ने उन्हें जबरन धरना स्थल से समर्थकों के साथ गिरफ्तार किया है।

ढांडा ने संदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चंडीगढ़ डीजीपी को लेटर लिखकर भूख हड़ताल की परमिशन मांगी थी। जिसके तहत वह परेड ग्राउंड के पास सुबह 9 से शाम 6 बजे तक सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठे थे। अनुराग ढांडा का कहना है कि जूनियर महिला कोच यौन शोषण मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपी मंत्री को गिरफ्तार नहीं किया है, जबकि उनके खिलाफ कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।

सीएम संदीप सिंह को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग
ढांडा ने संदीप सिंह को गिरफ्तारी से बचाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंत्री संदीप सिंह को सीएम को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। महिला सुरक्षा के मामले में हरियाणा पूरे देश में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गया है। इसके बाद भी सीएम महिला सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे हैं। चार्जशीट के बाद भी संदीप सिंह को मंत्री बना कर रखना भाजपा सरकार की बेशर्मी है।