Faridabad/Alive News: फरीदाबाद सेक्टर-86 के निवासी से ठगों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अफसर बताकर 16.44 लाख रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने जोधपुर (राजस्थान) से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 28 अप्रैल को शिकायतकर्ता को एक कॉल आया, जिसमें कहा गया कि वह एक 5000 करोड़ के घोटाले में फसा हुआ है और उसका पैन और आधार कार्ड 6.5 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन में इस्तेमाल हुआ है।
इसके बाद उसे “डिजिटल अरेस्ट” की धमकी दी गई। ठगों ने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, उसे अपने बैंक खातों की सारी रकम उनके बताए खातों में ट्रांसफर करनी होगी, जो बाद में लौटा दी जाएगी।
डर के मारे शिकायतकर्ता ने कुल 16.44 लाख रुपये ठगों को दे दिए। मामले की शिकायत साइबर थाना सेंट्रल में दर्ज की गई।
पुलिस ने जांच करते हुए राजस्थान के जोधपुर जिले के गांव मंगेरिया निवासी सुरेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि वह वही खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी की 5.04 लाख रुपये की रकम आई थी। उसने पैसे निकालकर आगे ठगों को सौंप दिए थे।
आरोपी बी.ए. पास है और पहले गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करता था। उसे अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उससे बाकी ठगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

