Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने 25 दिनों से लापता एक युवक को खोजकर उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। इस सराहनीय कार्रवाई को क्राइम ब्रांच KAT की टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भरत, निवासी एनआईटी फरीदाबाद ने पुलिस चौकी टाउन नंबर-3 में शिकायत दी थी कि उसका बेटा 14 दिसंबर 2025 को बिना बताए घर से चला गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन जब युवक का कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस से मदद मांगी गई।
शिकायत के आधार पर थाना एसजीएम नगर में मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की गई। इसके बाद क्राइम ब्रांच KAT की टीम ने तकनीकी सहायता और अपने सूत्रों के जरिए जांच करते हुए सोहना रोड स्थित संजय कॉलोनी से युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह पारिवारिक कारणों से नाराज होकर घर से चला गया था। सभी जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
अपने बेटे को सकुशल पाकर परिजनों ने फरीदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच KAT की टीम का धन्यवाद किया।

