Faridabad/Alive News: बड़ौली गांव में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया गया है कि युवक रात के समय मीट लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। मृतक की पहचान रिजवान के रूप में हुई है, जो बड़ौली गांव का रहने वाला था और कबाड़ का काम करता था।
परिजनों के अनुसार, रिजवान को रात में गांव के ही युवक बलबीर चंदीला के साथ देखा गया था। अगली सुबह रिजवान का शव गांव के बाहर पड़ा मिला, जिस पर चाकू से वार के कई निशान पाए गए। परिजनों ने बलबीर चंदीला पर हत्या का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बादशाह खान नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी गांव से फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
बड़ौली गांव में युवक की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी फरार

