Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई में थाना सदर बल्लभगढ़ की टीम ने मच्छगर गांव के रहने वाले युवक प्रेमपाल की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सूचना मिलने के 24 घंटे के अंदर ही आरोपियों को पकड़ लिया और मृतक का शव बरामद कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 5 अक्टूबर की सुबह सुक्खन लाल, निवासी गांव मच्छगर, ने पुलिस में शिकायत दी कि उसका बेटा प्रेमपाल 1 अक्टूबर से लापता है। शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने हरिचंद्र (21) और हनिश (20), दोनों निवासी मच्छगर, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने प्रेमपाल की हत्या की और शव को आईएमटी क्षेत्र की झाड़ियों में फेंक दिया था। इसके बाद पुलिस ने हत्या की धारा जोड़कर शव को बरामद किया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीनों दोस्त 1 अक्टूबर को आईएमटी फरीदाबाद में इंडियन ऑयल कंपनी के पीछे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर दोनों आरोपियों ने प्रेमपाल के चेहरे पर लात और घूंसे मारे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दोनों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और वहां से भाग गए।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

