March 7, 2026

मॉल के बेसमेंट में डांस के दौरान युवक की मौत

Faridabad/Alive News: सेक्टर-75 स्थित एक मॉल के बेसमेंट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान तेज संगीत पर डांस करते समय एक युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिस कारण उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान देवकीनंदन के रूप में हुई है, जो पिछले चार वर्षों से इसी मॉल में कार्यरत था। घटना रविवार रात की बताई जा रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवकीनंदन अपने एक साथी के साथ डीजे की धुन पर नाच रहा था, जबकि उनका तीसरा साथी पास की टेबल पर बैठकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। इसी दौरान अचानक देवकीनंदन जमीन पर गिर पड़ा। यह पूरी घटना मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मृतक के चाचा फूल राम ने बताया कि रात करीब 11 बजे देवकीनंदन के जीजा का फोन आया, जिसमें डांस करते समय उसके अचानक गिरने की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामले की सूचना मिलने पर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।