March 7, 2026

खंदावली स्कूल में योगाभ्यास कार्यक्रम का किया आयोजन

Faridabad/Alive News: आयुष मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, खंदावली में योगाभ्यास कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग प्रशिक्षक नेहा चौधरी ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य सुदृढ़ होता है। कार्यक्रम के दौरान सूर्य नमस्कार के साथ ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, प्राणायाम और ध्यान सहित विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास कराया गया।

योग प्रशिक्षक ने प्रत्येक योग मुद्रा की सही विधि, लाभ और सावधानियों की जानकारी भी दी। विद्यालय प्रशासन ने इस आयोजन के लिए आयुष मंत्रालय का आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्या शशि यादव ने विद्यार्थियों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प दिलाया गया।