Faridabad/Alive News: टेलीग्राम टास्क के नाम पर एक महिला से सात लाख 39 हजार रुपए ठगे हैं। साइबर थाना एनआईटी ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सेक्टर-21C निवासी महिला के साथ टेलीग्राम टास्क के नाम पर 7 लाख 39 हजार रुपये की ठगी हुई है। महिला ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज करवाई कि 29 अप्रैल को उसे व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया, जिसमें होटल, रेस्टोरेंट और कैफे की रेटिंग कर पैसे कमाने का ऑफर दिया गया था।
शुरुआत में महिला को तीन टास्क पूरे करने के बदले 100 रुपये दिए गए। इसके बाद उसे प्रीपेड टास्क करने के लिए कहा गया, जिसके तहत उसने अलग-अलग टास्क के लिए कुल 7.39 लाख रुपये ठगों को भेज दिए। बाद में उसे 10 लाख रुपये का एक और टास्क करने को कहा गया, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला।
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने दो आरोपियों,रामकिशन निवासी गांव पल्ली, जिला फलौदी, राजस्थान और मनीष निवासी गांव चाड़ी, जिला फलौदी, राजस्थान को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में पता चला कि मनीष लोगों से बैंक खाते लेकर रामकिशन को देता था, और रामकिशन उन खातों को इस्तेमाल कर ठगी के पैसे USDT (क्रिप्टोकरेंसी) में बदलकर ठगों तक पहुंचा देता था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।

