March 10, 2026

फरीदाबाद में विकास की लहर: कृष्ण पाल गुर्जर और धनेश अदलखा ने दी सवा 6 करोड़ के कार्यों की सौगात

Faridabad/Alive News: केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने रविवार को जिले के वार्ड नंबर 21, 22 और 23 में विकास की नई शुरुआत की। उन्होंने स्थानीय निवासियों के हाथों नारियल तुड़वाकर लगभग 6.25 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। इस मौके पर उनके साथ बड़खल के विधायक धनेश अदलखा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इन कार्यों के तहत तीनों वार्डों में आरएमसी (सीमेंटेड) सड़कें बनाई जाएंगी, इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई जाएंगी, नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि जब तक देश की महिलाएं आत्मनिर्भर नहीं होंगी, तब तक देश पूरी तरह विकसित नहीं हो सकता। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा और ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए हर क्षेत्र को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जेवर एयरपोर्ट और मेट्रो विस्तार जैसी परियोजनाओं के जरिए फरीदाबाद को देश के सबसे विकसित शहरों की सूची में शामिल करने का संकल्प दोहराया।

वहीं, विधायक धनेश अदलखा ने ग्रीन फील्ड इलाके के विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य इस क्षेत्र को शहर की सबसे सुंदर और आधुनिक कॉलोनी बनाना है। उन्होंने बताया कि सड़कों को 18 से 24 फुट तक चौड़ा किया जाएगा ताकि लोगों को ट्रैफिक की समस्या न हो। विधायक ने आश्वासन दिया कि स्ट्रीट लाइट, सीवर और बेहतर अंडरपास जैसी सुविधाओं पर काम तेज गति से और पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाएगा।