Faridabad/Alive News: सराय ख्वाजा स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की जूनियर रेडक्रॉस और सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के 850 से अधिक सदस्यों ने एक पौधा मां के नाम के अंतर्गत सेक्टर नौ बाय पास रोड के समीप पौधरोपण अभियान में अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।
विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस एवं सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड अधिकारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के आह्वान पर विद्यालय के 850 से भी अधिक विद्यार्थियों और अध्यापकों के सहयोग से बाय पास रोड के समीप सेक्टर नौ में पर्यावरण सुरक्षित करने के लिए अभियान चलाया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की एक पौधा मां के नाम कार्यक्रम में हम सभी को बढ़ चढ़ कर पर्यावरण संरक्षण हेतु अधिक से अधिक पौधे रोपने हैं। माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मंत्री विपुल गोयल एवं अन्य गणमान्य विशिष्ट अतिथियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया गया। पर्याप्त मात्रा में पौधरोपण करने से प्रदूषण में आश्चर्यजनक रूप से कमी आएगी तथा सभी के स्वास्थ्य पर अनुकूल प्रभाव भी स्पष्ट दिखाई पड़ेगा।
उन्होंने सभी अध्यापकों से निवेदन किया कि घर एवं परिवार में भी शुभ अवसर पर पौधे लगा कर उस अवसर को और भी शुभ बनाने का सबसे उत्तम उपाय है तथा अधिक से अधिक पौधारोपण के साथ हमारा पर्यावरण भी स्वच्छ होगा और प्रदूषण भी कम होगा। पौधे प्रदूषित कणों और धूल मिट्टी को भी अवशोषित करने की क्षमता रखते है और हम सभी को प्रदूषण रहित वातावरण देने में अत्यधिक प्रभावशाली होते है।
प्राचार्य मनचंदा ने प्राध्यापक निखिल, सुनील, राजकुमार, अमित शर्मा, प्रवीण, संदीप, विजयपाल, जितेंद्र, वरिष्ठ अध्यापक नरेंद्र गौतम, रोहित, दिलबाग चौहान सहित अन्य अध्यापकों और 850 से भी अधिक विद्यार्थियों का पौधरोपण में सहयोग करने के लिए विशेष रूप से आभार व्यक्त किया तथा सभी को निर्देश दिए कि समय पर पौधों को पानी और खाद आदि से पोषित करें ताकि ये शीघ्र ही वृद्धि को प्राप्त हों।

