Faridabad/Alive News: नए साल में बादशाह खान जिला सिविल अस्पताल में ट्रॉमा केयर सेंटर की स्थापना की जाएगी। सेंटर के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद अस्पताल की परचेज कमेटी द्वारा की जाएगी, जबकि स्थानीय खरीद के लिए सिविल अस्पताल प्रबंधन की ओर से एक अलग कमेटी का गठन किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जयंत आहूजा ने आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के राज्य महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल ने ट्रॉमा केयर सेंटर की स्थापना और उपकरणों की खरीद को गंभीरता से लेते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं। उनके आदेशों के बाद विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। साथ ही पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (पीडब्ल्यूडी) को सेंटर के लिए रिवाइज्ड एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सरकार पहले ही स्वास्थ्य विभाग को ट्रॉमा केयर सेंटर और खेड़ी कलां, करौली, तिगांव व पाली स्थित हेल्थ सेंटरों में ब्लड स्टोरेज सुविधाएं स्थापित करने के लिए 5.62 करोड़ रुपये का बजट आवंटित कर चुकी है। वर्तमान में सिविल अस्पताल में 1.85 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है।
महानिदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ट्रॉमा केयर सेंटर के लिए नया एस्टीमेट तैयार करते समय सौंदर्यीकरण के दौरान पहले से किए गए कार्य को उसमें शामिल न किया जाए।
मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
सिविल अस्पताल में ट्रॉमा केयर सेंटर बनने से गंभीर रूप से घायल मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं खेड़ी कलां, करौली, तिगांव और पाली के हेल्थ सेंटरों में ब्लड स्टोरेज सुविधाएं शुरू होने से लोगों को खून के लिए सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।
क्या कहना डिप्टी चीफ मेडिकल ऑफिसर का
लोकल परचेज कमेटी सिविल अस्पताल के इमरजेंसी डिपार्टमेंट में ट्रॉमा सेंटर को चालू करने के लिए ज़रूरी उपकरण खरीदेगी। महानिदेशक के आदेशों के बाद यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-डॉ. एम.पी. सिंह, डिप्टी चीफ मेडिकल ऑफिसर

