Faridabad/Alive News: आरपीएस पाम्स सिटी, फरीदाबाद में बच्चों के लिए पहली बार “थर्ड आई एंड सात चक्र एक्टिवेशन” विषय पर आधारित 10 दिवसीय विशेष कोर्स का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया और अपनी छिपी क्षमताओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कोर्स के दौरान बच्चों ने ब्लाइंडफोल्ड एक्टिविटी के माध्यम से आंखों पर पट्टी बांधकर रंगों की पहचान की, सामने मौजूद व्यक्ति को पहचाना तथा बॉडी स्कैनिंग जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया। बच्चों की एकाग्रता, संवेदनशीलता और आत्मविश्वास को देखकर कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावक और स्थानीय निवासी आश्चर्यचकित रह गए।
कार्यशाला के दौरान बच्चों को स्वास्थ्य, एकाग्रता और आत्म-जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। अभिभावकों ने बताया कि कोर्स के बाद बच्चों की पढ़ाई में फोकस बढ़ा है और स्मरण शक्ति में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। एक अभिभावक ने बताया कि उनका बच्चा अब किताब एक बार पढ़ने के बाद आंखें बंद कर भी पढ़ा हुआ दोहरा लेता है।
यह “थर्ड आई एंड सात चक्र एक्टिवेशन” कार्यशाला माइंड हीलर चंदरकांत हर्ष के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। यह इस श्रृंखला का पहला बैच था, जिसे भविष्य में और आगे बढ़ाने की योजना है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी बच्चों, उनके अभिभावकों और उपस्थित लोगों का धन्यवाद व्यक्त किया गया।

