March 7, 2026

एक किरायेदार ने दूसरे किरायेदार दम्पति पर किया हमला, हमले में पत्नी की मौत, पति घायल

-आरोपियों ने 12 साल की बेटी को किडनैप करने की दी धमकी।
-पीड़ित परिवार न्याय के लिए काट रहा पुलिस के चक्कर।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के फतेहपुर चंदीला में किरायेदारों के आपसी झगड़े में एक महिला की जान चली गई और महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया है। यहां दो किरायेदारों में जमकर झगड़ा हुआ, जिसमें एक किरायेदार ने दूसरे किरायेदार दम्पति को बेरहमी से मारपीट की। इस मारपीट में महिला की मौत हो गई और उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। एनआईटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

घायल व्यक्ति ने बताया कि यह घटना बीती 5 तारीख की रात की है जब वह और उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ सो रहे थे तभी नीचे रहने वाले किरायेदार कल्लू, सूरज, गोलू और केशव ने लाठी- डंडो और हेलमेट से परिवार पर हमला कर दिया। इस हमले में पति-पत्नी के सिर पर गंभीर चोटें आई। महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि पति का इलाज प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है।

घायल का आरोप है कि सरकारी अस्पताल के डाक्टर और पुलिस ने उनकी कोई मदद नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिसकर्मी चांदराम ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और पीड़ित को यह कहकर थाने से भगा दिया कि “जाओ, जो करना है करो।”

परिवार ने यह भी बताया कि आरोपी लोग अक्सर उनकी 12 साल की बेटी को परेशान करते थे और हाल ही में उसे किडनैप करने की धमकी भी दी गई। पीड़ित लड़की ने रोते हुए बताया कि आरोपी सूरज ने कहा था, “तेरे मम्मी-पापा को तो पीट दिया, अब तुझे उठाकर ले जाएंगे।”

घायल ने बताया कि चार आरोपी गिरफ्तार हुए थे लेकिन कुछ ही घंटों में पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस का कहना है कि कार्रवाई की जा रही है।