March 7, 2026

फरीदाबाद के मुजेसर गांव के बाबा हिरदे राम मंदिर के कुंड में डूबने से किशोर की मौत, पहले भी हो चुके हैं हादसे

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के मुजेसर गांव स्थित बाबा हिरदे राम मंदिर में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर परिसर में बने एक पानी के कुंड में नहाते समय एक 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात के समय तीन बच्चे कुंड में नहा रहे थे, जिनमें से दो को बचा लिया गया, लेकिन एक किशोर पानी में डूब गया। डूबने से मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना रात करीब 1 बजे की है। गांव के युवाओं ने डूबने वाले किशोर को तुरंत रेस्क्यू शुरू किया था और करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। प्रशासन को सूचना दी गई लेकिन गोताखोर टीम भी समय पर नहीं पहुंची थी। मृतक किशोर बाबा हिरदे राम कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर के कुंड में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। हर साल भंडारे के समय कोई न कोई हादसा होता है। लोगों ने मांग की है कि कुंड की गहराई कम की जाए और चारों ओर सुरक्षा के लिए ग्रिल लगाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। मंदिर प्रबंधन से लोगों ने निवेदन किया है कि मंदिर परिसर में सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दी जाए ताकि श्रद्धालुओं की जान सुरक्षित रह सके।

मंदिर में घटना के समय किरतन चल रहा था और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बी के अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।