Faridabad/Alive News: दिल्ली-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार देर रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में मर्सिडीज और थार समेत तीन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि इनमें सवार तीन लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। वहीं, स्कॉर्पियो चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि उक्त स्कॉर्पियो बल्लभगढ़ में भी एक वाहन को टक्कर मारकर भाग रही थी। इसी दौरान सेक्टर-16 क्षेत्र में उसने दो अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
फिलहाल पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश में जुटी हुई है।

