Faridabad/Alive News: नौकरी छूट जाने के बाद मानसिक तनाव से जूझ रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
जांच अधिकारी सूरत पाल ने बताया कि तड़के करीब तीन बजे न्यू टाउन और फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बादशाह खान नागरिक अस्पताल भिजवाया।
पुलिस को घटनास्थल के पास एक मोबाइल फोन मिला, जिसकी कॉल डिटेल के आधार पर स्वजन की पहचान कर उन्हें सूचना दी गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय विक्रम के रूप में हुई है, जो सेक्टर-10 में अपनी मां सुमन के साथ रहता था। विक्रम अविवाहित था और एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आत्महत्या से पहले विक्रम काफी देर तक रेलवे ट्रैक के पास बैठा रहा और बाद में ट्रेन के सामने कूद गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि नौकरी छूटने के बाद से वह डिप्रेशन में था।
स्वजनों ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले रात करीब 10 बजे विक्रम ने अपनी मां के साथ खाना खाया था। इस दौरान वह आत्महत्या से जुड़ी बातें कर रहा था, जिसे मां ने समझाकर शांत कराया। इसके बाद दोनों अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। कुछ देर बाद विक्रम घर से बाहर चला गया। रात में मां ने कई बार उसे फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अगले दिन उसकी मौत की सूचना मिली।
फिलहाल जीआरपी मामले की जांच कर रही है।
नौकरी छूटने से तनाव में चल रहे सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने की आत्महत्या

