March 7, 2026

डबुआ सब्जी मंडी में दुकानदार से मारपीट, दुकान के सामने फड़ लगाने को लेकर हुआ विवाद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की डबुआ सब्जी मंडी में दुकान के सामने फड़ (रेहड़ी) लगाने को लेकर हुए विवाद में एक दुकानदार के साथ जमकर मारपीट की गई। यह पूरी घटना मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घायल दुकानदार को इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच डबुआ थाना पुलिस कर रही है।

बीके अस्पताल में घायल दुकानदार कपिल के परिजनों ने बताया कि डबुआ सब्जी मंडी में उनकी फलों की दुकान है, जिसे कपिल संभालता है। दुकान के ठीक सामने कुछ लोग फड़ लगाते थे, जिसको लेकर पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि कपिल ने कई बार फड़ लगाने वालों से दुकान के सामने से फड़ थोड़ा हटाकर लगाने को कहा था, ताकि ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी न हो।

परिजनों ने आरोप लगाया कि मंडी प्रधान रंधीर पहलवान ने साजिश के तहत कपिल को मंडी में बुलाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कराया। आरोप है कि दर्जनभर से ज्यादा युवकों ने कपिल को घेरकर पीटा, जिससे उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

इस मामले में डबुआ थाना प्रभारी रंधीर ने बताया कि सब्जी मंडी में मारपीट की सूचना मिली थी। घायल का मेडिकल पुलिस की मौजूदगी में बीके अस्पताल में कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।