Faridabad/Alive News : जिला फरीदाबाद में सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए उपायुक्त आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में मंगलवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और संपर्क फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और आधुनिकीकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
संपर्क फाउंडेशन द्वारा डिजिटल शिक्षा, शिक्षकों के क्षमता विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को लेकर किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी गई। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपर्क फाउंडेशन के सहयोग से सभी सरकारी विद्यालयों में चरणबद्ध तरीके से डिजिटल स्मार्ट एजुकेशन सिस्टम लागू किया जाए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भी आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिसे फरीदाबाद में हर हाल में साकार किया जाएगा। इस परियोजना की नियमित समीक्षा की जाएगी।
संपर्क फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. के. राजेश्वर राव ने कहा कि फाउंडेशन हरियाणा के सभी जिलों में सार्वजनिक शिक्षा प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग को पूरा सहयोग देता रहेगा।
बैठक में संपर्क फाउंडेशन के स्टेट हेड दुर्गा यादव, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, उप जिला शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी व शिक्षक उपस्थित रहे।

