May 12, 2024

मंडोली जेल में एक कैदी की चाकू घोंपकर की हत्या, मामला दर्ज

New Delhi/Alive News : दिल्ली की उत्तर-पूर्वी मंडोली जेल में गैंगवार हमले लगातार जारी है। गैंगवार में दो कैदियों ने एक अन्य कैदी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महेश उर्फ मन्नू (40) बुरी तरह जख्मी हो गया। उसके सिर व गर्दन में गंभीर चोटें आयी है। महेश को पहले जेल के ही अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया। शनिवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हर्ष विहार थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रघुनाथ उर्फ विक्की और गोलू उर्फ इमरान को महेश की हत्या के मामले में औपचारिक गिरफ्तार करने की तैयारी चल रही है। पुलिस की एक टीम जेल जाकर मामले की जांच में जुटी थी। महेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली, अवैध हथियार के करीब सात मामले दर्ज थे। खुद आरोपी महेश ने तिहाड़ जेल में एक कैदी को चाकू मार दिया।

जानकारी के मुताबिक उत्तर-पूर्वी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 3.20 बजे मंडोली जेल नंबर-15 में एक कैदी को चाकू मारने की सूचना मिली। जेल प्रशासन ने ही कैदी को अस्पताल में भर्ती कराया। अलग-अलग मामलों में बंद रघुनाथ उर्फ विक्की और गोलू नामक बदमाशों ने किसी धातु से बनाए गए चाकूनुमा हथियार से महेश के सिर व गर्दन पर हमला किया था।

हर्ष विहार थाना पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। शनिवार को उसकी मौत के बाद मामला हत्या की धाराओं में बदल दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी महेश और उसका गैंग बेहद दबंग किस्म के कैदी थे। जेल में वह रघुनाथ उर्फ विक्की के दोस्त गोलू उर्फ इमरान के साथ मारपीट करता था। जेल में बंद रोहित चौधरी गैंग के रघुनाथ को यह बात पसंद नहीं थी। वहीं पहले एक मामले में जब महेश तिहाड़ जेल में बंद था, उस समय उसने रघुनाथ के एक दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया।

माना जा रहा है कि इसका बदला लेने के लिए ही रघुनाथ ने वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार दोपहर को ही रिमांड खत्म होने के बाद वह जेल में आया था। जेल में आते ही आधे घंटे के भीतर रघुनाथ व इमरान ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने महेश के परिवार को उसकी मौत की सूचना दे दी है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।