March 7, 2026

जेल में रची गई एक करोड़ की लूट की साजिश, सिगरेट गोदाम से चोरी कर गाजियाबाद में बेची

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ स्थित भूदत्त कॉलोनी में सिगरेट के वेयरहाउस से हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। इस सनसनीखेज वारदात की साजिश आरोपियों ने जेल में रहते हुए ही रची थी। जेल में मुलाकात के बाद सभी आरोपी एक-दूसरे के संपर्क में आए और बाहर निकलते ही बड़ी चोरी को अंजाम देने की योजना बनाई।

इस मामले का खुलासा सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी क्राइम) वरुण कुमार दहिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि 28–29 दिसंबर की रात आरोपियों ने बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी में स्थित सिगरेट के वेयरहाउस को निशाना बनाया।

आरोपी रात के समय दीवार फांदकर गोदाम के अंदर घुसे। वहां तैनात सुरक्षा गार्ड सुनील को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद गोदाम के कमरों के ताले तोड़कर सिगरेट से भरी पेटियां चोरी कर ली गईं। चोरी किए गए माल की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के समय पांच आरोपी मौके पर मौजूद थे। इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसके पास करीब 40 लाख रुपये का चोरी का माल होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस तरह अब तक कुल सात आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।

गाजियाबाद में बेचा गया चोरी का माल
एसीपी के अनुसार इस गिरोह का मुख्य आरोपी उमर, दिल्ली का रहने वाला है। उसके साथ बबलू, राहुल, दीपक और राकेश ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। सभी आरोपी दिल्ली के निवासी हैं, जबकि चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी गाजियाबाद के रहने वाले हैं।

जांच में यह भी पता चला है कि यह गिरोह पहले ऐसे स्थानों की रेकी करता था, जहां महंगे सामान का स्टॉक होता था और सुरक्षा व्यवस्था कमजोर रहती थी। जिस वेयरहाउस को निशाना बनाया गया, वहां सिगरेट का माल सोनीपत की फैक्ट्री से सीधे बल्लभगढ़ लाया जाता था

वारदात के बाद चोरी किया गया माल एक चोरी के जिस टेंपो में लोड कर दिल्ली होते हुए गाजियाबाद ले जाया गया। वहां माल को एक पिकअप वाहन में दोबारा लोड कर बेचने की तैयारी की गई थी। वारदात में इस्तेमाल किए गए चोरी के वाहनों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
पुलिस ने बताया कि गिरोह में वीरेंद्र नाम का एक आरोपी भी शामिल था, जो वाहन चलाने और माल लोड-अनलोड करने का काम करता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई पर पहले से ही चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं।

अब तक पुलिस ने करीब 6,000 सिगरेट पैकेट बरामद कर लिए हैं। बाकी चोरी का माल और फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।