June 6, 2026

ओल्ड फरीदाबाद में साढ़े तीन करोड़ से बनेगा कन्या विद्यालय का नया भवन 

Faridabad/Alive News: कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने शुक्रवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ओल्ड फरीदाबाद में साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनने वाले डबल स्टोरी भवन के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए इस पहल को शिक्षा और नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।

उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक भवन के निर्माण की शुरुआत नहीं है बल्कि यह भविष्य के निर्माण का एक पावन और ऐतिहासिक क्षण है। यह भवन हमारी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सशक्त समाज की मजबूत नींव बनेगा। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राएं आगे चलकर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। 

उन्होंने कहा कि किसी भवन का निर्माण करना एक सामान्य प्रक्रिया हो सकती है लेकिन किसी विद्यालय का निर्माण एक दूरदर्शी सोच और राष्ट्रहित की भावना का प्रतीक होता है। यह वह सोच है जो आने वाली पीढ़ियों को ध्यान में रखकर निर्णय लेती है। इसी दृष्टिकोण के साथ फरीदाबाद को एक विकसित आधुनिक और ग्लोबल सिटी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य मंजुला चौधरी और डीईओ अंशु सिंगला सहित पार्षद शैफाली सिंगला कर्ण सिंगला मुकेश शास्त्री पूर्व चेयरमैन मार्केट कमेटी रिंकू सिलानी पार्षद मुकेश अग्रवाल पार्षद विनोद भाटी पार्षद सचिन शर्मा पार्षद कुलदीप साहनी पार्षद नरेश नंबरदार पार्षद प्रियंका बिष्ट भुदानी मनोनीत पार्षद परवीन चौधरी जिला महामंत्री भाजपा फरीदाबाद सोनू पाराशर वाइस चेयरमैन मार्केट कमेटी परवेश मेहता वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश जांगड़ा मंडल महामंत्री ओल्ड फरीदाबाद सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ भी मौजूद रहा और सभी ने इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना करते हुए इसे बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।