Faridabad/Alive News: मुजेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गौछी गांव के समीप जीवन नगर स्थित कबाड़ी मार्केट में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का स्क्रैप जलकर राख हो गया। आग की चपेट में गोदाम में रखा छोटा-बड़ा गत्ता, फोम, थर्माकोल समेत अन्य ज्वलनशील सामान आ गया, जिससे भारी नुकसान हुआ।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पांच से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
एनआईटी फायर स्टेशन के अधिकारी सुखविंदर यादव ने बताया कि जीवन नगर पार्ट-दो स्थित कबाड़ी गोदामों में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद तुरंत दमकल गाड़ियों को रवाना किया गया। फायर विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
आग से उठे घने धुएं के कारण आसपास की कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कबाड़ी मार्केट में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का स्क्रैप जलकर हुआ राख

