Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के एक नंबर इलाके में माता वैष्णो देवी मंदिर के सामने स्थित फर्नीचर बनाने के एक गोदाम में मंगलवार सुबह अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोदाम की पहली मंजिल से तेज धुआं और आग की लपटें बाहर निकलने लगीं।
सूचना मिलते ही एनआईटी फायर ब्रिगेड की टीम दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई।
एनआईटी फायर स्टेशन के अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे कंट्रोल रूम से आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि गोदाम का शटर बंद था और पहली मंजिल से घना धुआं निकल रहा था, जिससे अंदर जाना मुश्किल हो रहा था।
दमकल कर्मियों ने पहले बाहर से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। आग इतनी तेज थी कि पहली मंजिल की सभी शीशे की खिड़कियां टूटकर सड़क पर गिर गईं। इसके बाद एहतियातन बिजली विभाग को बुलाकर इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई गई।
बाद में फायर ब्रिगेड टीम ने शटर काटकर गोदाम के अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। गोदाम में लकड़ी, कपड़ा और फोम का सामान ज्यादा होने के कारण आग तेजी से फैल गई थी।
बताया गया कि गोदाम में रहने वाला एक श्रमिक आग लगने के समय मंदिर गया हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई। गोदाम में रखा गैस सिलेंडर सुरक्षित रहा और नहीं फटा, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग दूसरी मंजिल तक ज्यादा नहीं फैल पाई।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।

