Faridabad/Alive News: फरीदाबाद साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि खेड़ी कलां निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसकी फेसबुक पर एक लड़की से दोस्ती हुई थी। उस लड़की ने उसे शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करने के लिए कहा और @GO_Markets_Global_CS नाम के टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया।
लड़की के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने कुल 1,80,000 रुपये निवेश कर दिए, लेकिन उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला। इस पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अतिन्द्रपाल सिंह सेखोन (33), निवासी जिला बरनाला, पंजाब को गिरफ्तार किया। आरोपी के नाम से Egnova Pvt. Limited के नाम पर एक करंट खाता खुलवाया गया था, जिसमें ठगी के 39,000 रुपये आए थे।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की कार एक्सेसरीज की दुकान है और वह बी.ए. पास है। अदालत में पेश करने के बाद उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

