Faridabad/Alive News: टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर पैसे कमाने के नाम पर एक व्यक्ति से 3 लाख 22 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एनआईटी क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी। पीड़ित के अनुसार उसके टेलीग्राम पर एक अनजान नंबर से मैसेज आया था, जिसमें टास्क पूरा कर पैसे कमाने का लालच दिया गया।
आरोपियों के कहने पर पीड़ित ने प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3,22,000 रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद उसे कोई भी पैसा वापस नहीं मिला और ठगी का एहसास हुआ।
मामले की जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी की टीम ने निर्मल तेजी (30), निवासी बीकानेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इस मामले में खाताधारक था, जिसने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी एक निजी बैंक में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता है। उसके खाते में ठगी की रकम में से 81 हजार रुपये आए थे।

