March 7, 2026

फतेहपुर बिल्लौच में कुल्हाड़ी से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: थाना सदर बल्लभगढ़ में दर्ज अभियोग संख्या 19 दिनांक 22 जनवरी 2026 (धारा 109, 351, 3(5) बीएनएस) के तहत गांव फतेहपुर बिल्लौच में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपी को गिरफ्तार किया। वारदात में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के प्रवक्ता से मिली जानकारी को अनुसार फतेहपुर बिल्लौच निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि उसके भाई पवन की गांव में “चंचल ट्रेडिंग” के नाम से दुकान है। करीब तीन से चार वर्ष पूर्व बलराम और वेदप्रकाश उसकी दुकान पर काम करते थे, लेकिन काम में गड़बड़ी पाए जाने पर पवन ने दोनों को नौकरी से निकाल दिया था। इसके बाद से दोनों आरोपी पवन से रंजिश रखने लगे थे।

शिकायत के अनुसार आरोपियों ने 21 जनवरी की शाम पवन की रेकी की और 22 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10 से साढ़े दस बजे उसकी दुकान पर पहुंचकर जान से मारने की नीयत से हमला किया। पहले वेदप्रकाश ने देसी कट्टे से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद बलराम ने कुल्हाड़ी से पवन के सिर पर वार कर दिया।

अपराध शाखा ऊंचा गांव की पुलिस ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को 27 जनवरी 2026 को प्रहलादपुर निवासी बलराम उर्फ बाली (उम्र 25) और वेदप्रकाश उर्फ बेदु (उम्र 38 वर्ष) को गांव चांदपुर बस अड्डा से गिरफ्तार किया।

पुलिस पुछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी रिश्तेदार हैं। बलराम उर्फ बाली आठवीं और वेदप्रकाश 12वीं पास है। दोनों ही पेशा से ड्राइवर है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बलराम द्वारा दुकान से लिए गए सामान और पुराने विवाद के चलते दोनों पक्षों में लंबे समय से रंजिश चल रही थी। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।