Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT की टीम ने शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर 38,08,000 रुपये की ठगी करने के मामले में एक खाताधारक को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, सैनिक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 24 जून 2024 को वह व्हाट्सएप के जरिए दो ग्रुपों से जुड़ा था। ग्रुप के एडमिन ने उसे शेयर मार्केट में निवेश करने पर 800 प्रतिशत तक मुनाफा मिलने का दावा किया। इस लालच में आकर उसने अलग-अलग किस्तों में पैसे निवेश कर दिए।
शुरुआत में निवेश ऐप पर उसे अच्छा मुनाफा दिखाया गया। जब उसने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो उससे टैक्स और कमीशन के नाम पर और पैसे मांगे गए। इसके बाद उसे ठगी का पता चला। शिकायतकर्ता ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर कुल 38,08,000 रुपये ठगों को भेज दिए थे। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान साइबर थाना NIT की टीम ने आरोपी जगदीश गिरी, निवासी गांव कुम्हार खेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी ने अपना बैंक खाता ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। उसके खाते में ठगी की रकम में से 6,05,000 रुपये आए थे।

