March 7, 2026

रविवार को सूरजकुंड मेले में उमड़ी भारी भीड़

Faridabad/Alive News : पर्यटन विभाग द्वारा सूरजकुंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर शिल्प मेले में रविवार को भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे। पार्टनर कंट्री मिस्र, थीम स्टेट उत्तर प्रदेश व मेघालय सहित देश-विदेश के शिल्पकारों और कलाकारों की प्रस्तुतियां लोगों को आकर्षित कर रही हैं।

15 फरवरी तक चलने वाले इस मेले में 50 से अधिक देशों के कलाकार लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी विरासत का प्रदर्शन कर रहे हैं। हस्तशिल्प, हैंडलूम, जैविक उत्पाद, मिट्टी व लकड़ी की कारीगरी, जूट बैग और पारंपरिक वस्तुओं की खरीदारी के लिए भी बड़ी भीड़ उमड़ रही है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन मंत्री डा. अरविंद शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित यह मेला न केवल कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि विविधता में एकता का संदेश भी दे रहा है।