Faridabad/ Alive News: जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद और विक्टोरिया फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से विक्टोरिया फाउंडेशन के प्रधान एच.एस. बांगा के 61 वें जन्मदिन के अवसर पर एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में समाजसेवियों, पदाधिकारियों और अन्य लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 325 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर के संयोजक अजय सौरवंशी ने बताया कि कई लोग नियमित रक्तदाता थे, वहीं कुछ लोगों ने जीवन में पहली बार रक्तदान किया।
जन्मदिन के मौके पर एच.एस. बांगा ने कहा कि रक्तदान शिविर आयोजित करना समाज के लिए एक अच्छा संदेश है। उनकी संस्था आपातकालीन स्थिति में पूरे देश में जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराती है। एस.एस. बांगा ने अपने छोटे भाई को आशीर्वाद देते हुए सभी से जन्मदिन और सालगिरह जैसे अवसरों पर रक्तदान व पेड़ लगाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपाधीक्षक जिला रेड क्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद पुरषोत्तम सैनी ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला और बताया कि समय-समय पर रक्तदान करने से स्वास्थ्य पर कोई नकारात्मक असर नहीं पड़ता। मारवाड़ी युवा मंच के प्रधान विमल खंडेलवाल ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और हर व्यक्ति को साल में कम से कम तीन बार रक्तदान करना चाहिए।
मनोनीत पार्षद जसवंत सैनी ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम में सचिन, प्रमोद राणा, शास्त्री खंडेलवाल, मेहतानी, अरविंद, वीरेंद्र मिश्रा, मनोज, अनिल शुक्ला, सूर्या और रेड क्रॉस कार्यक्रम अधिकारी शीशपाल सोही सहित कई लोग मौजूद रहे।

