Faridabad/Alive News: 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर सिरसा में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। उन्होंने ध्वजारोहण कर राष्ट्र को नमन किया और उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्र की एकता, संविधान की शक्ति और लोकतंत्र की गौरवगाथा का प्रतीक है। उन्होंने संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए कहा कि संविधान ने देशवासियों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का अधिकार दिया, जिसके बल पर भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
गोयल ने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत की एकात्मता, समरसता और संप्रभुता का जीवंत उत्सव है। उन्होंने बताया कि हरियाणा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, डिजिटल गवर्नेंस, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं पारदर्शी एवं तकनीक आधारित व्यवस्था के माध्यम से अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।
कैबिनेट मंत्री ने वीर सैनिकों एवं शहीदों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि हरियाणा वीरभूमि है, जहां का प्रत्येक परिवार राष्ट्रसेवा को गौरव मानता है। शहीदों के परिजनों का सम्मान और उनका कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शहीद अनुग्रह राशि, अग्निवीरों के लिए आरक्षण तथा सैनिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
समारोह के दौरान विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और लोक कलाकारों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुतियों में भारत की सांस्कृतिक विविधता, एकता और राष्ट्रप्रेम की सशक्त झलक देखने को मिली।
गोयल ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपने संवैधानिक दायित्वों को दोहराने का अवसर है। उन्होंने सभी नागरिकों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर समाज के हर वर्ग को समान अवसर प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने सभी देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छ, स्वस्थ, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।

